बोकारो:
चास थानाक्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी के सामान समेत कई अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपित रात के समय घरों की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से सोने जैसा 7 पीस कंगन, 3.50 ग्राम गला हुआ सोने जैसा धातु, 7 मोबाइल फोन, लोहे का चापड़, छोटा तौलने वाला इलेक्ट्रॉनिक मशीन तथा 5 रुपये के 12 नोट बरामद किए हैं।

22 जुलाई से 15 अगस्त तक हुई चोरी की वारदात
पुलिस के अनुसार, चास थाना क्षेत्र में 22 जुलाई, 11 अगस्त और 15 अगस्त की रात अलग-अलग घरों को निशाना बनाया गया था। आरोपितों ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और जेवरात, नकदी तथा मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी कर लिए थे। घटनाओं को लेकर चास थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाशों का नाम
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक, सदर चास के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच करते हुए संदिग्धों तक पहुंच बनाई और कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा, राहुल कुमार बाउरी, रवि कुमार पांडेय, प्रिंस कुमार उर्फ कृष, अमन राज उर्फ मनीष कुमार और कृष्णा कुमार पॉल के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित गौतम बाउरी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।